Jamtara : जामताड़ा जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। मिहिजाम थाना क्षेत्र के असनचुआ इलाके में माइनिंग विभाग की टीम ने विशेष जांच अभियान चलाकर बिना वैध कागजात बालू ले जा रहे दो ट्रैक्टर जब्त किए। जानकारी के मुताबिक, विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में अवैध रूप से बालू की ढुलाई की जा रही है। इसके बाद माइनिंग इंस्पेक्टर के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और वाहनों की जांच शुरू की। जांच के दौरान दोनों ट्रैक्टरों को रोका गया और चालकों से बालू परिवहन से जुड़े दस्तावेज मांगे गए। चालक कोई वैध कागजात नहीं दिखा सके। इसके बाद दोनों वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। जब्त ट्रैक्टरों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए मिहिजाम थाना को सौंप दिया गया है। प्रशासन ने कहा है कि अवैध खनन और बिना अनुमति बालू परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
