कांके में पेट्रोल पंप मालिकों के लिए सख्त निर्देश, जमाखोरी और कालाबाजारी हुई तो होगी कार्रवाई|

Spread the love

Ranchi : रांची के कांके थाना क्षेत्र के सभी पेट्रोल पंप संचालकों के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। एएसपी सह थाना प्रभारी कांके साक्षी जमुआर ने कहा है कि ईंधन की कृत्रिम कमी पैदा करने, जमाखोरी करने या सप्लाई रोकने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह निर्देश ईंधन संकट की आशंका और फैल रही अफवाहों को देखते हुए जारी किया है, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे और लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। जारी निर्देश में कहा गया है कि सभी पेट्रोल पंप संचालक पेट्रोल और डीजल की सप्लाई सामान्य रूप से जारी रखें। अगर किसी पंप पर पर्याप्त स्टॉक होने के बाद भी सप्लाई रोकी जाती है या कृत्रिम कमी पैदा की जाती है, तो इसे अपराध माना जाएगा। पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऐसे मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 और पेट्रोलियम अधिनियम 1934 के तहत कार्रवाई होगी। साथ ही सभी पेट्रोल पंपों को उपलब्ध स्टॉक और सरकारी दरों की जानकारी बोर्ड पर दिखाने का निर्देश दिया गया है, ताकि अफवाहें न फैलें।

आदेश है की बिना हेलमेट वालों को नहीं मिलेगा पेट्रोल

सड़क सुरक्षा को लेकर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई है। आदेश में कहा गया है कि बिना हेलमेट वाले दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। पेट्रोल पंप कर्मचारियों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि बिना हेलमेट आए लोगों को ईंधन न दें। पुलिस ने कहा है कि इस नियम की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। नियम तोड़ने वाले पेट्रोल पंप संचालकों पर कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है।

खुले बर्तनों में पेट्रोल-डीजल देने पर भी सख्त रोक

पुलिस ने सुरक्षा को देखते हुए खुले बोतल, जरकिन और अन्य खुले बर्तनों में पेट्रोल-डीजल देने पर पूरी तरह रोक लगा दी है। प्रशासन का कहना है कि इससे अवैध भंडारण और आग लगने जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है। हालांकि, खेती के काम के लिए जरूरत पड़ने पर वैध पहचान पत्र दिखाने वाले किसानों को विशेष छूट दी जा सकती है।

एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड को प्राथमिकता

निर्देश में कहा गया है कि पेट्रोल पंप संचालक एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस वाहन और अन्य जरूरी सेवाओं के वाहनों को पहले ईंधन देंगे। भीड़ होने पर इनके लिए अलग लाइन या जल्दी व्यवस्था करने को कहा गया है।

भीड़ होने पर तुरंत पुलिस को सूचना देनी होगी

पुलिस ने पेट्रोल पंप संचालकों को भीड़ संभालने को लेकर भी अलर्ट किया है। अगर किसी पंप पर ज्यादा भीड़ जमा होती है, तो इसकी जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को देनी होगी। साथ ही ट्रैफिक जाम से बचने के लिए निजी सुरक्षा कर्मियों को तैनात करने का निर्देश दिया गया है। एएसपी सह थाना प्रभारी साक्षी जमुआर ने कहा है कि सभी निर्देशों का पालन करना जरूरी है। नियमों की अनदेखी करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *