शादी से किया इनकार, प्रेमी ने घर में घुसकर मारी गोली|

Spread the love

Simdega : सिमडेगा में शनिवार भोरे-भोर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। जिले के कोलेबिरा थाना क्षेत्र के नवाटोली गांव में एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया गया कि भोर करीब चार बजे एक युवक घर में घुसा और लड़की को गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मृतका की पहचान 22 वर्षीय जेबा परवीन के रूप में हुई है। वह मोहम्मद हुसैन की बेटी थी। घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। परिजन घायल हालत में खून से लथपथ जेबा परवीन को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उसे रांची के रिम्स रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले को लेकर कोलेबिरा थाना प्रभारी हर्ष कुमार ने बताया कि पहली नजर में यह मामला प्रेम संबंध से जुड़ा हुआ लग रहा है। जानकारी के मुताबिक, जेबा परवीन का प्रेमी उस पर शादी का दबाव बना रहा था, लेकिन लड़की के परिवार वालों को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। परिवार ने शादी से साफ इनकार कर दिया था। बताया जा रहा है कि आरोपी पिछले तीन-चार दिनों से लगातार जेबा परवीन के घर आ रहा था और शादी की बात कर रहा था। जब जेबा परवीन ने भी शादी से इनकार करते हुए उसे घर आने से मना कर दिया, तो वह नाराज हो गया। आरोप है कि इसी गुस्से में शनिवार की भोर करीब चार बजे उसने घर में घुसकर जेबा परवीन को गोली मार दी। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *