Dhanbad : धनबाद में लगातार बढ़ रही गर्मी और हीटवेव को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों को राहत देने के लिए खास पहल शुरू की है। शहर के प्रमुख ट्रैफिक सिग्नलों और व्यस्त सड़कों पर अस्थायी छायादार शेड लगाए गए हैं, ताकि धूप में खड़े लोगों को थोड़ी राहत मिल सके। खासकर दुपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई है, क्योंकि तेज धूप में ट्रैफिक सिग्नलों पर रुकना लोगों के लिए परेशानी भरा हो रहा था। प्रशासन की ओर से इन शेड्स को उन जगहों पर लगाया गया है, जहां ट्रैफिक का दबाव ज्यादा रहता है और लोगों को सिग्नल पर अधिक समय तक रुकना पड़ता है। साथ ही इस बात का भी ध्यान रखा गया है कि शेड लगाने से यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और वाहनों की आवाजाही सामान्य बनी रहे। इसके लिए जगहों का चयन ट्रैफिक होल्डिंग टाइम को ध्यान में रखकर किया गया है। गर्मी के इस मौसम में सबसे ज्यादा दिक्कत बाइक सवारों और पैदल चलने वाले लोगों को होती है। दोपहर में तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों की परेशानी और बढ़ा देती हैं। ऐसे में ट्रैफिक सिग्नलों पर लगाए गए ये शेड भले ही कुछ देर के लिए हों, लेकिन लोगों को धूप से राहत देने में मदद करेंगे।
प्रशासन का निर्देश – जरूरी हो तभी दोपहर में निकलें
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बहुत जरूरी काम होने पर ही दोपहर में घर से बाहर निकलें। साथ ही ज्यादा से ज्यादा पानी पीने और हीटवेव से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है। लोगों से हल्के कपड़े पहनने, तेज धूप में ज्यादा देर तक नहीं रहने और शरीर में पानी की कमी नहीं होने देने को कहा गया है। धनबाद में लगातार बढ़ रहे तापमान को देखते हुए प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है। गर्मी से राहत देने के लिए आगे जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त इंतजाम भी किए जा सकते हैं।
