जमशेदपुर के नेपाली होटल में भीषण आग, सिलेंडर ब्लास्ट हुआ|

Spread the love

Jamshedpur : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में चैंबर ऑफ कॉमर्स के पास स्थित एक नेपाली होटल में शनिवार सुबह आग लग गई। सुबह करीब चार बजे लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। इसी दौरान होटल में रखा गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को खबर दी। मौके पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक होटल में रखा पूरा सामान जलकर राख हो चुका था। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास की दुकानों और इमारतों तक भी खतरा पहुंच गया था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आगलगी में करीब डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय पर आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो सिलेंडर ब्लास्ट के कारण बड़ा हादसा हो सकता था। बताया जा रहा है कि यह नेपाली होटल लंबे समय से अतिक्रमित जमीन पर चल रहा था और इलाके में काफी प्रसिद्ध था। खासकर यहां मिलने वाला मटन लोगों के बीच काफी लोकप्रिय था, जिसके कारण दूर-दूर से लोग यहां खाने आते थे। फिलहाल बिष्टुपुर थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या गैस रिसाव की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक आधिकारिक रूप से किसी कारण की पुष्टि नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *