जामताड़ा में नीट पेपर लीक और महंगाई पर भड़का झामुमो छात्र मोर्चा, जलाया पुतला

Spread the love

Jamtara : जामताड़ा के इंदिरा चौक पर शनिवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला कमेटी के नेतृत्व में झारखंड छात्र मोर्चा ने नीट परीक्षा पेपर लीक और बढ़ती महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के कारण इंदिरा चौक पर काफी देर तक माहौल गर्म रहा और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में झामुमो जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू, जिला उपाध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि अशोक मंडल, जिला सचिव परेश यादव, आनंद टुडू, सगीर खान, किशोर रवानी, विजय राउत समेत कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

नेताओं ने कहा कि नीट परीक्षा में पेपर लीक होने से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। जिला उपाध्यक्ष अशोक मंडल ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि इससे आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। वहीं, जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू और जिला सचिव परेश यादव ने चेतावनी दी कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि झामुमो सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगा और पूरे झारखंड में बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन में देविशन हांसदा, लालू अंसारी, आजाद शेख, मेरी मरांडी, माखोनी हेंब्रम, आलम अंसारी, पांचू दास, बबला हांसदा, महावीर दास, माना ठाकुर समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता और छात्र नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *