जामताड़ा में कस्टमर केयर बनकर ठगी करने वाले तीन साइबर ठग गिरफ्तार|

Spread the love

Jamtara : जामताड़ा में साइबर अपराध पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में साइबर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी खुद को कस्टमर केयर अधिकारी बताकर लोगों से ठगी करते थे। शनिवार को जिला पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी शंभू कुमार सिंह ने मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के सहसपुर गांव में साइबर ठगी की गुप्त सूचना मिली थी।सूचना के आधार पर पुलिस निरीक्षक वैभव सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।

बाकी की सभी जानकारी:

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान सहसपुर गांव से गुलाम अंसारी, शब्बीर अंसारी और कलाम अंसारी को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपी कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और लंबे समय से साइबर ठगी में शामिल थे। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 8 एंड्रॉयड मोबाइल, 10 फर्जी सिम कार्ड और करीब 19 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस जब्त सामान की जांच कर रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके। एसपी ने बताया कि आरोपी खुद को कुकू एफएम ऐप और पेटीएम कस्टमर केयर का अधिकारी बताकर लोगों को फोन करते थे। इसके बाद वे लोगों को झांसा देकर बैंक खातों और डिजिटल माध्यमों से पैसे ठग लेते थे। ठगी के लिए दूसरे लोगों के बैंक खातों का भी इस्तेमाल किया जाता था। जांच में पता चला है कि ये साइबर अपराधी देश के कई राज्यों के लोगों को निशाना बनाते थे। पुलिस अब इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शब्बीर अंसारी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह पहले भी कई थानों में वांछित रह चुका है। प्रेस वार्ता में नाला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोज कुमार महतो, साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार मंडल समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद थे। पुलिस ने कहा कि साइबर अपराधियों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *