Koderma : कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र के नंदूडीह गांव में शुक्रवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। तेज बारिश और गरज-चमक के बीच हुए वज्रपात में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। जानकारी के अनुसार, रात में बारिश और बिजली कड़कने के दौरान प्रदीप यादव की पत्नी सरस्वती देवी (37), उनका 15 वर्षीय बेटा अंकित कुमार और बुआ मुंद्रिका देवी (45) घर के कमरे में खिड़की के पास बैठे थे। तभी अचानक तेज वज्रपात हुआ और बिजली घर की लोहे की ग्रिल वाली खिड़की पर गिर गई, लोहे के संपर्क में आने के कारण करंट पूरे कमरे में फैल गया, जिसकी चपेट में आने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
शादी की खुशियां बदलीं मातम में
परिवार में कुछ दिन पहले ही शादी का जश्न मनाया गया था। मृतक मुंद्रिका देवी अपने रिश्तेदार नीतीश कुमार की शादी में शामिल होने के लिए नंदूडीह आई थीं। उन्हें शनिवार को अपने घर लौटना था, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के समय घर के मालिक प्रदीप यादव डोमचांच में एक शादी समारोह में गए हुए थे। हादसे की सूचना मिलते ही वे तुरंत घर पहुंचे, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी।
हादसे के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तो घर का दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए। चारों तरफ चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया।ग्रामीणों ने बताया कि अंकित कुमार दिव्यांग था और परिवार का सबसे दुलारा सदस्य था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही सतगावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रशासन पूरे मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटा है। इस दर्दनाक हादसे से नंदूडीह गांव समेत पूरे इलाके में शोक का माहौल है। जिस घर में कुछ दिन पहले तक शादी की खुशियां और शहनाइयों की गूंज थी, वहां अब सिर्फ सन्नाटा और परिजनों की चीखें सुनाई दे रही हैं।
