Pakur : जिले के सदर प्रखंड के लखीनारायणपुर गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। देर रात सियारों का एक झुंड एक घर में घुस गया और दो मासूम बच्चियों पर हमला कर दिया। घटना के बाद गांव में डर और अफरा-तफरी का माहौल है। जानकारी के अनुसार, समीरुल शेख के घर में रात के समय सियार घुस आए। इस दौरान ढाई माह की बच्ची आफीफा खातून को सियार उठा ले गए, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं, चार साल की जासमीन खातून पर भी हमला हुआ, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
हमले की बाकी जानकारी
हमले के दौरान बच्ची के रोने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख सियारों का झुंड वहां से भाग गया। इसके बाद घायल बच्ची को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से शव के कुछ हिस्से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिए। मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों और वन विभाग को भी दी गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके के खेतों और आसपास में लंबे समय से सियारों की आवाजाही देखी जा रही थी। अब ये जानवर रात में गांव के अंदर तक पहुंचने लगे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सियारों के इस झुंड को जल्द हटाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे दोबारा न हों। घटना के बाद पूरे गांव में डर का माहौल है। लोग खासकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।
