Ranchi : कोयलांचल में आतंक का पर्याय बने प्रिंस खान को पकड़ने के लिए इंटरपोल से लेकर झारखंड एटीएस तक लगातार प्रयास कर रही है। झारखंड पुलिस के अनुरोध पर इंटरपोल ने प्रिंस खान के खिलाफ रेड और ब्लू कॉर्नर नोटिस भी जारी किया है। इसी बीच प्रिंस खान ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर कई दावे किए हैं। कोयलांचल शांति सेना नाम के फेसबुक अकाउंट से जारी इस वीडियो में प्रिंस खान ने झारखंड से विदेश भागने तक की कहानी बताई है। वीडियो में उसने 1994 बैच के इंस्पेक्टर रणधीर कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रिंस खान का दावा है कि थाना से पासपोर्ट सत्यापन कराने के लिए उसने 10 लाख रुपये दिए थे। उसने यह भी कहा कि हर महीने एक-एक लाख रुपये भी दिए जाते थे। हालांकि, इससे पहले इंस्पेक्टर रणधीर कुमार पासपोर्ट सत्यापन कराने के आरोपों से इनकार कर चुके हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। अब देखना होगा कि झारखंड पुलिस मुख्यालय इस मामले और वायरल वीडियो की गंभीरता से जांच कराता है या नहीं।
झारखंड एटीएस की तेज नजर प्रिंस खान की पूरी गैंग पर
झारखंड एटीएस के लिए सिरदर्द बने प्रिंस खान और उसके पूरे गैंग पर लगातार पैनी नजर रखी जा रही है। सैफी की गिरफ्तारी और एटीएस की पूछताछ के बाद 50 से ज्यादा लोगों की सूची तैयार की गई है। धनबाद पुलिस भी इस पूरे गैंग की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। एटीएस ने गैंग से जुड़े लोगों की पूरी प्रोफाइल तैयार कर ली है। वहीं, जल्द ही इस नेटवर्क के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया जा सकता है।
