ओरमांझी में डालसा का जागरूकता शिविर, महिलाओं को आत्मनिर्भरता और अधिकारों की दी जानकारी|

Spread the love

Ranchi : रांची के ओरमांझी बाजार में मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से 90 दिवसीय विधिक जागरूकता कार्यक्रम के तहत एक जागरूकता शिविर लगाया गया। शिविर में लोगों को बताया गया कि महिलाओं की आत्मनिर्भरता केवल रोजगार या आय बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके स्वास्थ्य, पोषण, आवास और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करना भी इसका अहम हिस्सा है। कार्यक्रम में एलएडीसी सहायक वीरेन्द्र प्रताप ने झालसा की ‘आत्मनिर्भरता योजना’ की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे जीवन बिताने वाली महिलाओं की पहचान कर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है, ताकि उनका जीवन बेहतर और सुरक्षित बन सके।

विधिक जागरूकता कार्यक्रम की बाकी सभी बातें

वीरेन्द्र प्रताप ने कहा कि आत्मनिर्भरता योजना केवल आर्थिक मदद तक सीमित नहीं है। इसमें महिलाओं के मानसिक स्वास्थ्य, पोषण, आवास और सामाजिक सुरक्षा जैसे जरूरी पहलुओं को भी शामिल किया गया है। जरूरतमंद महिलाओं को पेंशन, राशन और अन्य गरीबी उन्मूलन योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए काम किया जा रहा है। उन्होंने लोगों को नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 की जानकारी भी दी और बताया कि जरूरत पड़ने पर यहां से मुफ्त कानूनी सहायता प्राप्त की जा सकती है। कार्यक्रम के दौरान डालसा के पीएलवी सदस्यों ने लोगों को बाल विवाह, बाल श्रम, नशा उन्मूलन और डायन-बिसाही जैसी सामाजिक कुरीतियों के साथ उनसे जुड़े कानूनों की जानकारी दी। लोगों को यह भी बताया गया कि ऐसी घटनाओं की सूचना मिलने पर कानूनी सहायता कैसे ली जा सकती है। पीएलवी किरण कुमारी और भूप्रताप महतो ने नालसा की 10 प्रमुख योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने समझाया कि गरीब और जरूरतमंद लोग मुफ्त विधिक सेवा का लाभ कैसे उठा सकते हैं। वहीं, पीएलवी षिला तिग्गा और दीपक गंझू ने मजदूरों और गरीब परिवारों को वृद्धा पेंशन, मजदूर निबंधन कार्ड और उससे मिलने वाले सरकारी लाभों के बारे में जानकारी दी। डालसा की टीम ने लोगों को आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की भी जानकारी दी। बताया गया कि यहां कई मामलों का जल्दी और आपसी सहमति से समाधान किया जा सकता है। यह कार्यक्रम झालसा के कार्यपालक अध्यक्ष न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद के निर्देश, सदस्य सचिव कुमारी रंजना अस्थाना और रांची न्यायायुक्त अनिल कुमार मिश्रा-1 के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। मौके पर डालसा सचिव राकेश रौशन के साथ रंजीत महतो, आशीष बैठा, संतोष कुमार, जगमोहन मुंडा समेत कई लोग मौजूद थे। अंत में लोगों के बीच पंपलेट और लिफलेट बांटकर जागरूकता का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *