चाईबासा में अफीम तस्करी का खुलासा, तीन तस्कर गिरफ्तार|

Spread the love

Chaibasa : झारखंड के चाईबासा जिले में पुलिस ने अफीम तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई टेबो थाना क्षेत्र के रोगोद गांव में की गई। टेबो थाना प्रभारी सुशील कुमार मारांडी के नेतृत्व में चलाए गए सर्च अभियान के दौरान पुलिस ने 20 किलो पोस्ता, दो बाइक और 7 लाख रुपये नकद बरामद किए। पुलिस को सूचना मिली थी कि रोगोद गांव में कुछ लोग अफीम की खरीदारी करने आने वाले हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने जंगल क्षेत्र में घेराबंदी कर जाल बिछाया। जैसे ही तस्कर वहां पहुंचे, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों को पकड़ लिया। आरोपी भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया।

तीनो आरोपियों को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया

गिरफ्तार आरोपियों में रोगोद गांव के बुद्धनाथ पूरती (38) और सोमा हास्सा पूरती (26) के साथ कोटागढ़ा गांव के मांगरा हुनी पूरती (22) शामिल हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 27(a), 28 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। टेबो थाना प्रभारी सुशील कुमार मारांडी ने बताया कि एसपी के निर्देश पर इलाके में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। जानकारी के अनुसार टेबो थाना क्षेत्र का बड़ा हिस्सा जंगलों से घिरा हुआ है। पुलिस के मुताबिक कुछ लोग जंगलों में छिपकर अफीम की खेती करते हैं और इलाके में तस्करी से जुड़े नेटवर्क भी सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *