Ramgarh : रामगढ़ जिले के पतरातू इलाके में OSAM डेयरी और अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में हुई फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने राहुल दुबे गैंग के सदस्य नेपाली को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी गैंग के लिए काम करता था और फायरिंग की घटनाओं में उसकी भूमिका सामने आई है। कुछ दिन पहले पतरातू स्थित OSAM डेयरी प्लांट पर बाइक सवार अपराधियों ने कई राउंड फायरिंग की थी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी। बाद में सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राहुल दुबे गैंग ने हमले की जिम्मेदारी ली थी और प्लांट संचालक को धमकी भी दी थी। इसके कुछ दिन बाद पतरातू के अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में भी फायरिंग की घटना हुई। गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी भी ली थी और कोयला, झाड़ू व जमीन कारोबार से जुड़े लोगों को धमकी दी थी।
लगातार हो रही फायरिंग और रंगदारी की घटनाओं के बाद रामगढ़ पुलिस ने विशेष टीम बनाकर जांच शुरू की। जांच के दौरान गैंग से जुड़े लोगों की तलाश तेज कर दी गई। सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार नेपाली लंबे समय से राहुल दुबे गैंग के संपर्क में था और पतरातू इलाके में घटनाओं को अंजाम देने में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गैंग की नजर इलाके के बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर थी। इससे पहले भी पुलिस ने राहुल दुबे गिरोह के दो सदस्यों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस का कहना है कि ये लोग किसी बड़े उद्योग को निशाना बनाने की तैयारी कर रहे थे। राहुल दुबे गैंग हर घटना के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर जिम्मेदारी ले रहा था। पोस्ट के जरिए कारोबारियों और फैक्ट्री संचालकों को खुली धमकी दी जाती थी। इससे इलाके में डर का माहौल बन गया था।गिरफ्तार आरोपी से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। माना जा रहा है कि इस मामले में जल्द ही गैंग के अन्य सदस्यों की भी गिरफ्तारी हो सकती है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
