Gumla : गुमला जिले के कुरकुरा थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की। शिकायत मिलने के सिर्फ छह घंटे के अंदर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और छात्रा को सुरक्षित बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बसिया थाना क्षेत्र के कुरूम गांव निवासी मोनी महली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, छात्रा की मां ने कुरकुरा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि मोनी महली उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत मिलते ही पुलिस तुरंत कार्रवाई में जुट गई। पुलिस टीम सबसे पहले आरोपी के घर पहुंची, लेकिन वह वहां नहीं मिला। परिवार के लोगों ने भी उसके बारे में कोई जानकारी होने से इनकार कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कुरकुरा थाना प्रभारी संजय मुंडा ने खुद जांच की कमान संभाली। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने टेक्निकल सेल और गुप्तचर विभाग की मदद ली। मोबाइल लोकेशन और लगातार छापेमारी के जरिए पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। देर रात पुलिस को एक अहम सुराग मिला, जिसके बाद टीम रांची के नगड़ी इलाके पहुंची।
पुलिस ने नगड़ी इलाके में छापेमारी कर आरोपी मोनी महली को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही नाबालिग छात्रा को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया। इसके बाद पुलिस दोनों को लेकर थाना पहुंची, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि छात्रा को सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में तुरंत कार्रवाई उनकी प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
