Ranchi : रांची के नामकुम स्थित लोवाडीह में आज झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता स्व. दुर्गा सोरेन की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन दुर्गा सोरेन स्मारक स्थल पहुंचे और उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मीडिया से बातचीत करते हुए स्व. दुर्गा सोरेन के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि दुर्गा सोरेन ने अलग झारखंड राज्य की लड़ाई और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। उन्होंने कहा कि हर साल इस दिन हम सभी उन्हें याद करने के लिए एकत्र होते हैं, ताकि उनके संघर्ष और विचारों को आगे बढ़ाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. दुर्गा सोरेन एक दूरदर्शी और संघर्षशील नेता थे, जिन्होंने लोगों की भावनाओं को समझते हुए समाज के हित में काम किया। उनका जीवन हमेशा जनसेवा और जनकल्याण को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य के निर्माण में ऐसे नेताओं का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।हेमन्त सोरेन ने कहा कि दुर्गा सोरेन के विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य का निर्माण लंबे संघर्ष और बलिदान के बाद संभव हो पाया है, जिसमें ऐसे नेताओं की अहम भूमिका रही है।इस अवसर पर स्मारक स्थल पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और अन्य गणमान्य लोगों ने भी स्व. दुर्गा सोरेन को श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान भावुक माहौल देखने को मिला।
