रांची यूनिवर्सिटी के 9 कॉलेजों की वेबसाइट ठप, साइटों पर ऑनलाइन गेम दिखाई देने लगे।

Spread the love

Ranchi : रांची यूनिवर्सिटी से संबद्ध कॉलेजों की वेबसाइटों में बड़ी तकनीकी गड़बड़ी सामने आई है। एक साथ 9 कॉलेजों की वेबसाइट ठप हो जाने से छात्रों और कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इनमें से 2 कॉलेजों की वेबसाइट हैक होने के बाद वहां पढ़ाई से जुड़ी जानकारी की जगह ऑनलाइन गेम दिखाई देने लगे। शुरुआती जांच में इसे साइबर हमले का मामला माना जा रहा है। छात्र एडमिशन, रिजल्ट या नोटिस देखने के लिए कॉलेज की वेबसाइट खोल रहे थे, लेकिन वहां पढ़ाई से जुड़ी जानकारी की जगह गेम दिखाई देने लगे। बताया जा रहा है कि दो कॉलेजों की वेबसाइट का कंट्रोल साइबर हमलावरों ने अपने हाथ में ले लिया। वेबसाइट का असली कंटेंट हटाकर उसकी जगह गेम वाला पेज डाल दिया गया। इससे साफ है कि मामला सिर्फ तकनीकी खराबी का नहीं, बल्कि वेबसाइट सुरक्षा में बड़ी सेंध का है।

छात्रों के जरूरी काम,जानकारी पर पड़ा असर

आज के समय में कॉलेज की वेबसाइट छात्रों के लिए बेहद जरूरी प्लेटफॉर्म बन चुकी है। एडमिशन, परीक्षा नोटिस, रिजल्ट, रजिस्ट्रेशन, क्लास शेड्यूल और स्कॉलरशिप जैसी अहम जानकारी यहीं से मिलती है। ऐसे में वेबसाइट ठप होने से छात्रों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। मामला सामने आने के बाद संबंधित कॉलेजों और तकनीकी टीमों में हलचल बढ़ गई है। वेबसाइट को जल्द सामान्य करने और हमले की वजह पता लगाने की कोशिश की जा रही है। शुरुआती जांच में सर्वर सिक्योरिटी, कमजोर पासवर्ड, पुराने सॉफ्टवेयर और सिक्योरिटी अपडेट की कमी जैसे पहलुओं की जांच हो सकती है।

शिक्षा संस्थानों पर भी बढ़ रहा साइबर खतरा

पिछले कुछ समय में साइबर हमलों के मामले तेजी से बढ़े हैं। पहले बैंक, सरकारी पोर्टल और बड़ी कंपनियां निशाने पर थीं, लेकिन अब शिक्षा संस्थान भी साइबर अपराधियों के रडार पर आ गए हैं। अगर कॉलेजों की वेबसाइट की सुरक्षा मजबूत नहीं हुई, तो छात्रों का डेटा भी खतरे में पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *