Gumla : जिले के सीलम स्थित बाल सुधार गृह (रिमांड होम) से शुक्रवार सुबह तीन किशोरों के फरार होने का मामला सामने आया है। इस घटना से जिला प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। किशोरों ने फिल्मी अंदाज में भागने की योजना को अंजाम दिया, जिससे रिमांड होम की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
चादर को रस्सी बनाकर हुए फरार
जानकारी के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार सुबह करीब छह बजे की है। बताया जा रहा है कि तीनों किशोरों ने बेहद चालाकी से फरार होने की योजना बनाई। उन्होंने सोने के लिए दी गई चादरों को जोड़कर लंबी रस्सी बनाई और उसे दीवार के ऊपर लगे लोहे के एंगल में फंसा दिया। इसके सहारे वे ऊंची दीवार पार कर रिमांड होम से बाहर निकल गए। घटना का पता तब चला, जब सुबह तय समय पर रिमांड होम में किशोरों की गिनती की गई। इस दौरान तीन किशोर गायब मिले, जिससे परिसर में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने तुरंत पूरे परिसर में तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की जानकारी जिला प्रशासन और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी गई।
पुलिस और प्रशासनिक टीम जांच में जुटी
सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने रिमांड होम के सीसीटीवी फुटेज की जांच की और ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों व कर्मचारियों से पूछताछ की। वहां रह रहे अन्य किशोरों से भी घटना की जानकारी ली गई। प्राथमिक जांच में सुरक्षा में लापरवाही की बात सामने आई है। सवाल उठ रहे हैं कि जब किशोर चादरों की रस्सी बनाकर दीवार पार कर रहे थे, तब सुरक्षाकर्मी क्या कर रहे थे। घटना के बाद रिमांड होम की सुरक्षा व्यवस्था और चहारदीवारी की समीक्षा की जा रही है। फरार तीन किशोरों में दो लोहरदगा जिले के रहने वाले हैं, जबकि एक किशोर गुमला के घाघरा क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।
