अवैध कोयला खनन के विरोध में ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन, घंटों जाम रही सड़क|

Spread the love

Dhanbad : जिले के तेतुलमारी थाना क्षेत्र के दलाहीटांड़ में अवैध कोयला उत्खनन के विरोध में ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज लोगों ने तेतुलमारी-राजगंज मुख्य सड़क को कई घंटों तक जाम रखा, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन से गांव की सड़कें खराब हो रही हैं। साथ ही उन्होंने आशंका जताई कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यहां भी टांडाबाड़ी जैसी बड़ी घटना हो सकती है।

ग्रामीणों का आरोप है कि रात के समय बड़े पैमाने पर अवैध कोयला खनन और ढुलाई की जाती है। इससे गांव में हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। लोगों ने कहा कि तेज रफ्तार हाइवा और ट्रकों की लगातार आवाजाही के कारण छोटे बच्चे और बुजुर्ग सड़क पार करने से भी डरते हैं। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने भी इसका खुलकर विरोध किया। उनका कहना है कि धूल और प्रदूषण से लोगों की सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है।

प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन और पुलिस के खिलाफ भी नाराजगी जताई। लोगों का कहना था कि सब कुछ जानकारी में होने के बावजूद अवैध कारोबार पर रोक नहीं लगाई जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। सड़क जाम की सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने के साथ कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद धीरे-धीरे जाम हटाया गया। धनबाद के कई इलाकों में अवैध कोयला खनन को लेकर पहले भी विरोध और तनाव की स्थिति बन चुकी है। कई बार ग्रामीणों और कथित कोयला तस्करों के बीच झड़प की घटनाएं भी सामने आई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते सख्ती नहीं हुई तो हालात और बिगड़ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *