Jamtara : जामताड़ा जिले में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। गोविंदपुर-साहिबगंज स्टेट हाईवे पर बिंदापाथर थाना क्षेत्र स्थित चापुड़िया उच्च विद्यालय के पास एक तेज रफ्तार मिनी ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर स्कूल की चारदीवारी से टकरा गया। घटना के समय स्कूल में पढ़ाई चल रही थी। तेज आवाज सुनते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। छात्र-छात्राएं और शिक्षक घबराकर बाहर निकल आए। कुछ देर तक इलाके में दहशत का माहौल बना रहा।
घटना की जानकारी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मिनी ट्रक तेज रफ्तार में जामताड़ा की ओर जा रहा था। स्कूल के पास पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सीधे स्कूल की चारदीवारी से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दीवार बुरी तरह टूट गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि अगर ट्रक कुछ फीट और आगे बढ़ जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था, क्योंकि उस समय बच्चे स्कूल परिसर में मौजूद थे। हादसे में चालक को हल्की चोट आई है। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और चालक को बाहर निकालकर इलाज के लिए पास के क्लिनिक भेजा।
हादसे के बाद स्कूल के बच्चों में डर का माहौल बन गया। कई बच्चे घबराकर रोने लगे। शिक्षकों ने बच्चों को शांत कराया और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। घटना के कारण कुछ देर तक स्कूल में पढ़ाई भी प्रभावित रही। सूचना मिलते ही बिंदापाथर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मिनी ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
