झारखंड-ओडिशा बॉर्डर पर वाहन चोर गिरोह का खुलासा, एक गिरफ्तार|

Spread the love

Jamshedpur : जमशेदपुर पुलिस ने चर्चित वाहन चोरी मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ झारखंड और ओडिशा के कई थानों में पहले से मामले दर्ज हैं।

ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने सोमवार को बताया कि गालुडीह थाना में दर्ज वाहन चोरी मामले की जांच लगातार चल रही थी। यह मामला 28 दिसंबर 2025 की रात चोरी हुई विंगर वैन (WB 25 F 7922) से जुड़ा है। इस मामले में पुलिस पहले ही मांझीया टुडू उर्फ प्रेम टुडू और सत्यवान कुम्भकार को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। चोरी की गई विंगर वैन भी बरामद कर ली गई थी।

पुलिस के मुताबिक इस मामले का एक अन्य आरोपी बिरसन मुण्डा लंबे समय से फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र के मुटुडा गांव स्थित अपने घर में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ और आरोपी की निशानदेही पर उसके घर के आंगन से तीन चोरी के वाहन बरामद किए गए। इनमें स्प्लेंडर प्रो (JH 05 BD 2504), लाल-काले रंग की टीवीएस अपाचे बाइक और सफेद-नीले रंग की होंडा डियो स्कूटी शामिल हैं। जांच में पता चला कि टीवीएस अपाचे पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी। पुलिस ने असली नंबर प्लेट और पहचान से जुड़े अन्य सबूत भी बरामद किए हैं।

जांच में सामने आया कि टीवीएस अपाचे बाइक चोरी का मामला ओडिशा के मयूरभंज जिले के तिरिंग थाना में कांड संख्या 178/2025 के तहत दर्ज है। वहीं होंडा डियो स्कूटी चोरी का मामला बहलदा थाना में कांड संख्या 159/2024 में दर्ज पाया गया। बरामद स्प्लेंडर बाइक को लेकर गालुडीह थाना में पहले से सनहा दर्ज है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने वाहन चोरी की घटनाओं में अपनी भूमिका स्वीकार की है। पुलिस को शक है कि वह झारखंड-ओडिशा सीमा क्षेत्र में सक्रिय अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह का सदस्य है। अब गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है।

गिरफ्तार आरोपी बिरसन मुण्डा उर्फ बिरसेन मुण्डा की उम्र करीब 26 वर्ष है। वह सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र के मुटुडा गांव का रहने वाला है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ खरसावां, ईचागढ़, कवाली और ओडिशा के कई थानों में मामले दर्ज हैं। ओडिशा पुलिस ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी जारी कर रखा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *