Latehar : लातेहार जिले के बरवाडीह थाना क्षेत्र में सोमवार को स्कूली बच्चों से भरी एक पिकअप वैन हादसे का शिकार हो गई। संत क्लारेट लेदगाई स्कूल से छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रही वैन ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में आधा दर्जन से ज्यादा बच्चे घायल हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं। घटना देखने वाले लोग के मुताबिक बच्चों को ले जा रही पिकअप वैन तेज रफ्तार में थी। रास्ते में चालक ने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान वह वैन से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तुरंत वहां पहुंचे और बच्चों को बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिससे लोगों में नाराजगी देखी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर वाहन सावधानी से चलाया जाता, तो हादसा टाला जा सकता था।
तीन अस्पतालों में चला बच्चो का इलाज
घायल बच्चों को तुरंत बरवाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मिशन हॉस्पिटल और गांधी जी मेडिकल्स में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद बताया कि सभी बच्चे फिलहाल खतरे से बाहर हैं। हालांकि, दो बच्चों के हाथ में फ्रैक्चर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर के एमएमसीएच रेफर किया गया। रेफर किए गए बच्चों में रेलवे कॉलोनी निवासी बद्री प्रसाद के 9 वर्षीय बेटे कृति रंजन और आदर्शनगर निवासी पप्पू कुमार की 14 वर्षीय बेटी शिवंशी वर्मा शामिल हैं। हादसे में घायल अन्य बच्चों में प्रियांशु गुड़िया (9), तेजस्वी चंद्रा, नव्या सिंह (6), कोमल रंजना (15) और पीयूष राज (15) शामिल हैं। सभी बच्चों का इलाज जारी है।
पुलिस ने वाहन जब्त किया और जनप्रतिनिधियों ने लिया हालचाल
घटना की जानकारी मिलते ही बरवाडीह थाना प्रभारी अनुराग कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हादसे का शिकार हुई वैन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अनुराग कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में ओवरटेक के दौरान वाहन पलटने की बात सामने आई है। चालक की तलाश की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हादसे की सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी लवकेश सिंह, बीस सूत्री अध्यक्ष नसीम अंसारी, जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर, विधायक प्रतिनिधि प्रेम कुमार सिंह उर्फ पिंटू और उकामाड़ मुखिया पूनम देवी भी मौके पर पहुंचे। सभी ने घायल बच्चों का हालचाल जाना और उनके परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
