Khunti : खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में पुलिस ने उग्रवादी संगठन PLFI के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन हार्डकोर उग्रवादी गिरफ्तार किऐ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सैमुएल गुड़िया (20), धीरज स्वांसी (19) और सुनील स्वांसी (28) के रूप में हो चुकी है।
खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को खबर मिली थी कि मुरहू जंगल में PLFI सदस्य बैठक कर संगठन विस्तार और लेवी वसूली की योजना बना रहे हैं। इसके बाद तोरपा एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित कर जंगल में अभियान चलाया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीनों उग्रवादियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक देशी कट्टा, 8 एमएम के कारतूस, PLFI के पर्चे, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किए गए। एसपी ने बताया कि सभी आरोपी PLFI के एक्टिव सदस्य हैं और इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे थे।
उग्रवादीयों ने फायरिंग और आगजनी में भी शामिल होने की बात को किया स्वीकार|
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने कई गंभीर घटनाओं में शामिल होने की बात को स्वीकार किया है। उन्होंने बताया कि 30 अप्रैल को कर्रा थाना क्षेत्र के कटमकुकू इलाके में रेलवे निर्माण कार्य में लगे वाहनों पर फायरिंग और आगजनी की घटना में भी वे शामिल थे। इसके अलावा तोरपा थाना क्षेत्र में गैस सप्लाई वाहन पर हुई गोलीबारी में भी उनकी भूमिका सामने आई है। इन दोनों मामलों में पहले से केस दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में तोरपा एसडीपीओ समेत कई थाना प्रभारी और पुलिस बल शामिल थे। कर्रा, तोरपा, जरियागढ़ और आसपास के थाना क्षेत्रों की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन चलाकर यह सफलता हासिल की। खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग ने कहा कि उग्रवादियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।
