फांसी लगाकर लड़की ने की आत्महत्या,लड़की को थी नौकरी और शादी की चिंता |

Spread the love

Chaibasa :चाईबासा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित दुम्बीसाई गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। चाईबासा सिविल कोर्ट के सेवानिवृत्त सहायक क्लर्क चक्रधर बारी की 35 वर्षीय बेटी शबनम बारी का शव उसके कमरे में फंदे से झूलता हुआ मिला। घटना की खबर मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, वही परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे की जानकारी

परिजनों के अनुसार, बुधवार रात शबनम ने परिवार के साथ भोजन किया था। इसके बाद वह अपने कमरे में सोने चली गई। गुरुवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर घरवालों को चिंता हुई। कई बार आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिवार के सदस्य किसी तरह कमरे के भीतर पहुंचे। कमरे का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए। शबनम का शव रस्सी के सहारे फंदे से लटका हुआ था। परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारकर बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामला आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।

परिजनों के अनुसार, शबनम पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से गुजर रही थी। परिवार का कहना है कि नौकरी नहीं मिलने और शादी में लगातार हो रही देरी को लेकर वह काफी चिंतित रहती थी। अपने भविष्य को लेकर वह अक्सर परेशान दिखाई देती थी। घर के लोग उसे समझाने और हौसला देने की कोशिश करते थे, लेकिन धीरे-धीरे वह मानसिक रूप से काफी कमजोर होती चली गई। इस घटना के बाद गांव समेत आसपास के क्षेत्रों में भी शोक का माहौल है। वहीं पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *