Ranchi : राजधानी रांची में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए देर रात एसएसपी राकेश रंजन खुद सड़कों पर उतरे। उनके साथ सिटी एसपी पारस राणा भी मौजूद थे। दोनों अधिकारियों ने शहर के कई प्रमुख थानों का औचक निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी का जायजा लिया। आधी रात हुए इस निरीक्षण से पुलिस महकमे में हलचल रही। एसएसपी ने थानों में सुरक्षा व्यवस्था, ड्यूटी पर तैनात जवानों की मौजूदगी, रिकॉर्ड संधारण और रात्रि गश्ती की जांच की। साथ ही थानेदारों और पुलिस अधिकारियों से इलाके में अपराध नियंत्रण को लेकर जानकारी भी ली। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थानों में लंबित मामलों की समीक्षा की और पुलिस अधिकारियों को उनका जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने रात में गश्ती दल को अधिक सक्रिय रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने को भी कहा। एसएसपी ने कहा कि राजधानी में अपराध नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा पुलिस की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि रात्रि गश्ती में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बताया जा रहा है कि निरीक्षण के दौरान कई जगहों पर वाहन जांच अभियान चलाया गया और देर रात घूम रहे संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की गई। पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है।
