कृषि मंत्री: किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता|

Spread the love

Ranchi : कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सरकार कृषि को आधुनिक और वैज्ञानिक बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। वह रविवार को बेड़ो प्रखंड के पुरनापानी बाजारटांड़ मैदान में आयोजित किसान सम्मान समारोह को संबोधित कर रही थीं। पायोनियर कंपनी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में मंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में किसानों को वैज्ञानिक और उन्नत खेती की जानकारी दी गई तथा प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया। मंत्री ने कहा कि बड़ी संख्या में किसानों की मौजूदगी यह दर्शाती है कि झारखंड के किसान अब जागरूक हो रहे हैं और आधुनिक खेती की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि किसानों के हित में सरकार लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है, ताकि उन्हें समय पर खाद, बीज और अन्य कृषि संसाधन मिल सकें और उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि राज्य के कई किसान अब भी पारंपरिक खेती पर निर्भर हैं, लेकिन कृषि विभाग उन्हें वैज्ञानिक खेती के लिए लगातार प्रशिक्षण दे रहा है। किसानों को ट्रैक्टर, कृषि यंत्र और स्प्रेयर जैसे उपकरण अनुदान पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे खेती अधिक लाभकारी बन सके।

मत्स्य पालन को लेकर मंत्री ने कहा कि सरकार इस क्षेत्र में भी सक्रियता से काम कर रही है। मत्स्य पालकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है और जलाशयों में केज फार्मिंग के माध्यम से उत्पादन बढ़ा है। सामूहिक उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए समितियों का गठन किया गया है, जिससे कई परिवारों की आजीविका मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण बाजारों को बेहतर बनाने के लिए बाजार शेड और कोल्ड स्टोरेज का निर्माण भी तेजी से कराया जा रहा है, ताकि किसानों को अपनी उपज सुरक्षित रखने और बेहतर बाजार सुविधा मिल सके।

मौसम को लेकर चिंता जताते हुए मंत्री ने कहा कि कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार इस वर्ष सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। ऐसे में किसानों को समय पर धान की रोपनी के साथ केवल धान पर निर्भर नहीं रहना चाहिए, बल्कि कम पानी में होने वाली फसलों और मोटे अनाज की खेती पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार किसानों की हरसंभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है।

इस मौके पर मोदसिर हक, विश्वनाथ शाहदेव, बुधराम बाड़ा, तंजीर हुसैन, मतियस खेस, बुधराम लोहरा, चन्द्रावती देवी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *