Koderma : हजारीबाग एसीबी की टीम ने कोडरमा जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एक कर्मचारी को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार कर्मचारी का नाम सुनील कुमार है, जो झुमरीतिलैया स्थित बिजली कार्यालय में लाइनमैन के पद पर तैनात है। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम उसे अपने साथ हजारीबाग ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।शिकायतकर्ता राजू यादव, जो डोमचांच के सपही गांव के रहने वाले हैं, ने बताया कि नीरू पहाड़ी के पास उनका एक ऐश ब्रिक्स प्लांट था। इसके लिए उन्होंने कुछ साल पहले कॉमर्शियल बिजली कनेक्शन लिया था। बाद में प्लांट बंद होने के बाद उन्होंने बिजली कनेक्शन कटवाने और सिक्योरिटी मनी वापस लेने के लिए झुमरीतिलैया बिजली कार्यालय के कई चक्कर लगाए।
शिकायत के अनुसार, इसी दौरान उनकी मुलाकात लाइनमैन सुनील कुमार से हुई। आरोप है कि सुनील ने बिजली कनेक्शन बंद करने और सिक्योरिटी मनी वापस दिलाने के बदले 15 हजार रुपये की मांग की थी। बाद में मामला 5 हजार रुपये में तय हुआ। इसके बाद पीड़ित ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) हजारीबाग में शिकायत दर्ज कराई।शिकायत की जांच के बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाया। गुरुवार को जैसे ही सुनील कुमार ने बिजली कार्यालय के पास 5 हजार रुपये लिए, टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
