झारखंड में मौसम का डबल अटैक, कहीं लू तो कहीं ऑरेंज और येलो अलर्ट|

Spread the love

Ranchi : झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। एक तरफ कई इलाकों में भीषण गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है, तो दूसरी ओर कुछ जिलों में तूफान, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। राजधानी रांची में रविवार को तेज गर्मी का असर देखने को मिला। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक राज्य में ऐसा मिला-जुला मौसम बना रह सकता है। कहीं लू जैसे हालात रहेंगे, तो कहीं तेज हवा और बारिश से राहत मिल सकती है। रविवार को रांची का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटों में 1.1 डिग्री अधिक रहा। तेज धूप और उमस के कारण दोपहर के समय लोगों की आवाजाही भी कम दिखी। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। राज्य में सबसे ज्यादा गर्मी मेदिनीनगर में दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं जमशेदपुर में भी पारा 41.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दोनों शहरों में पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में बढ़ोतरी हुई है। हालांकि सरायकेला में बुधवार को हल्की बारिश होने से लोगों को कुछ राहत मिली। मौसम विभाग ने 21 से 23 मई के बीच पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार जिलों में लू चलने की संभावना जताई है। इन क्षेत्रों में दिन के समय तेज गर्म हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने लोगों को दोपहर में बेवजह बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।

22 मई को मौसम बदलने की आशंका

22 मई को रांची समेत राज्य के कई जिलों में दोपहर बाद मौसम बदल सकता है। आसमान में बादल छाने, तेज हवा चलने और कुछ जगहों पर वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना है। खासकर संतालपरगना क्षेत्र में मौसम का असर अधिक देखने को मिल सकता है। यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने 23 मई के लिए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना है। इन जिलों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

कई जिलों में येलो अलर्ट

रांची, चतरा, लोहरदगा, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसांवा जिलों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है। इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां बादल छाने, तेज हवा चलने और वज्रपात की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार 26 मई तक झारखंड के मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। लोगों को तेज गर्मी के साथ अचानक बदलने वाले मौसम के लिए सतर्क रहने की जरूरत है। विभाग ने खासकर आंधी और वज्रपात के दौरान खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *