Chaibasa : चाचाईबासा से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बारात से लौट रहे लोगों से भरा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया। हादसे में 12 साल के एक बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सोमवार तड़के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में हुई। कुछ देर पहले तक जिस गाड़ी में शादी की खुशी और हंसी-मजाक था, वह देखते ही देखते चीख-पुकार में बदल गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, बारंगा गांव के लोग आनंदपुर प्रखंड के समीज गांव में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शादी के बाद सभी लोग पिकअप वाहन से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उंधन गांव के पास सुबह करीब 3:15 बजे चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और पिकअप वाहन करीब 10 फीट नीचे खेत में जा पलटी। हादसा इतना अचानक हुआ कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
12 साल के बच्चे समेत दो की जान चली गई
इस दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय रोहन गोप और 25 वर्षीय दशरथ सरदार की मौत हो गई। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शादी से लौटते समय हुए इस हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं और पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया। हादसे में सूरज महतो, शिशुपाल मोदी, राहुल गोप, गोपी मोदी, सौरभ लोहार और सुरेश गोप घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। कुछ घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया।
समय पर ग्रामीनों क पहुँचने से हादसा और गंभीर होने से बचा
हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। अंधेरे के बीच लोगों ने घायल बारातियों को वाहन से बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाने में मदद की। अगर ग्रामीण समय पर नहीं पहुंचते, तो हादसा और गंभीर हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही मनोहरपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में चालक के वाहन से नियंत्रण खोने को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
