Chatra : चतरा जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र स्थित शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में हुई 100 साल पुरानी अष्टधातु प्रतिमाओं की चोरी का पुलिस ने महज दो घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और चोरी हुई 24 तीर्थंकर प्रतिमाएं भी बरामद कर लीं। जानकारी के मुताबिक, मंदिर से चोरी हुई 24 अष्टधातु तीर्थंकर प्रतिमाओं की कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया, जिसके बाद तुरंत जांच शुरू की गई।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि चोरी में शामिल आरोपी मयूरहंड थाना क्षेत्र का रहने वाला है। सूचना के आधार पर छापेमारी कर पुलिस ने आरोपी संदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी हुई सभी प्रतिमाएं बरामद कर ली गईं। वहीं, घटना में इस्तेमाल की गई हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। एसपी अनिमेश नैथानी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी नशे का आदी है। गांजे के नशे में उसने मंदिर से प्रतिमाएं चुरा ली थीं। पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि वह प्रतिमाओं को बेचने के लिए दिल्ली के करोलबाग जाने की तैयारी कर रहा था।
पुलिस ने किया अच्छा काम
एसपी ने कहा कि जिले की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की घटनाओं में शामिल अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने त्वरित कार्रवाई के लिए पूरी पुलिस टीम की सराहना की। साथ ही आम लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
