Dhanbad : धनबाद के चर्चित करोड़ों रुपये की ठगी मामले में आरोपी संजय अग्रवाल को कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश (चतुर्थ) प्रफुल्ल कुमार की अदालत ने उन्हें जमानत दे दी है। जानकारी के अनुसार, संजय अग्रवाल को पहले बैंक मोड़ थाना क्षेत्र से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया गया था। बाद में गोबिंदपुर थाना में दर्ज एक अन्य मामले में रिमांड पर लेकर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था।
इस मामले में इससे पहले राखी अग्रवाल को भी अदालत से जमानत मिल चुकी है। वहीं संजय अग्रवाल और सचिन अग्रवाल अब तक न्यायिक हिरासत में जेल में बंद थे। अदालत के ताजा आदेश के बाद संजय अग्रवाल को राहत मिल गई है। पुलिस के मुताबिक, मामला करोड़ों रुपये की ठगी और गबन से जुड़ा है। आरोप है कि व्यापारिक साझेदारी के नाम पर कई लोगों से बड़ी रकम ली गई और बाद में धोखाधड़ी की गई। इस मामले में कई लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है और पुलिस लगातार जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। वहीं, बाकी सह-आरोपियों की जमानत याचिकाओं पर आने वाले दिनों में सुनवाई हो सकती है।
