अवैध शराब कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई, 15 किलो महुआ जब्त|

Spread the love

Chaibasa : चाईबासा जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने सख्त अभियान चलाया है। जिला दंडाधिकारी के निर्देश और ग्रामीणों के सहयोग से गुवा, मंझारी, चक्रधरपुर और झींकपानी थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी की गई। इस दौरान 9 अलग-अलग मामले दर्ज किए गए। कार्रवाई में 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 5 आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। गुवा थाना क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी, बड़ा जामुदा और कल्याण नगर में उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी कर अवैध शराब बेचने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से करीब 3 लीटर विदेशी शराब और 3.250 लीटर बीयर बरामद की गई।

मंझारी थाना क्षेत्र के मिरुडीह गांव में छापेमारी के दौरान 9 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। हालांकि आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के दण्डासाई और बाराकुली इलाके में भी उत्पाद विभाग ने कार्रवाई की। यहां दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 6.5 लीटर बीयर और 5 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद हुई।

झींकपानी थाना क्षेत्र के गुड़ा गांव में उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। छापेमारी के दौरान करीब 80 लीटर चुलाई शराब बरामद हुई। वहीं मौके पर लगभग 1500 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट किया गया। उत्पाद विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। सभी आरोपियों पर उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *