Latehar : लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के बसिया ब्रिज के पास सोमवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां हाईवा और ऑटो की टक्कर में ऑटो पलट गया। हादसे में ऑटो पर सवार 11 महिलाएं और लड़कियां घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक ऑटो बालूमाथ से मुरपा गांव की ओर जा रहा था। ऑटो में सवार कुछ लोग शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, जबकि कुछ महिलाएं स्वयं सहायता समूह की बैठक में भाग लेने निकली थीं। इसी दौरान बसिया ब्रिज के पास अचानक ऑटो अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रहे हाईवा से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को ऑटो से बाहर निकाला। इसके बाद सभी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।
महिलाओं को आई है गंभीर चोटें
घायलों में अख्तरी खातून, मुस्तरी खातून, रेखा देवी, किरण देवी, मधु देवी, एलिजा प्रवीण, माबिया प्रवीण समेत अन्य लोग शामिल हैं। बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ.अलीशा टोप्पो ने सभी घायलों का प्राथमिक इलाज किया। डॉक्टरों के अनुसार मुस्तरी खातून, रेखा देवी, किरण देवी और मधु देवी की हालत गंभीर बनी हुई है। बेहतर उपचार के लिए चारों को रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान(रिम्स) रेफर किया गया है।बालूमाथ थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। साथ ही दोनों वाहन चालकों से भी पूछताछ की जा रही है।
