मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 319 शिक्षकों और 17 महिला पर्यवेक्षिकाओं को सौंपा नियुक्ति पत्र|

Spread the love

Ranchi : झारखंड सरकार की ओर से सोमवार को प्रोजेक्ट भवन में नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 319 शिक्षकों और 17 महिला पर्यवेक्षिकाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद युवाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। समारोह में सरकार के कई मंत्री और अधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार लगातार युवाओं को रोजगार देने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी विभिन्न विभागों में नियुक्तियां की जाएंगी, क्योंकि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री संजय यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य में रोजगार सृजन का काम लगातार आगे बढ़ रहा है। सरकार युवाओं को नौकरी देने के लिए गंभीरता से काम कर रही है। यही वजह है कि बड़ी संख्या में युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी नियुक्तियों का सिलसिला जारी रहेगा। वहीं संसदीय कार्यमंत्री राधा कृष्ण किशोर ने नव नियुक्त शिक्षकों और महिला पर्यवेक्षिकाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नियुक्ति के साथ समाज के प्रति बड़ी जिम्मेदारी भी जुड़ जाती है। खासकर शिक्षकों की भूमिका समाज और आने वाली पीढ़ी को सही दिशा देने में सबसे अहम होती है। इसलिए सभी शिक्षक पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य के गठन और विकास में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उसी सोच और प्रतिबद्धता के साथ राज्य को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। सरकार शिक्षा, रोजगार और विकास के क्षेत्र में लगातार प्रयास कर रही है ताकि राज्य के युवाओं को बेहतर अवसर मिल सकें। समारोह के अंत में नियुक्ति पत्र पाने वाले अभ्यर्थियों ने सरकार के प्रति आभार जताया। कई चयनित अभ्यर्थियों ने कहा कि लंबे इंतजार के बाद उन्हें नौकरी मिली है, जिससे उनके परिवार में खुशी का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *