Jamshedpur : जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र स्थित बेताकोचा की एक फैक्ट्री के बाहर खड़े कंटेनर से सोमवार सुबह चालक का शव फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। एमजीएम थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जांच के बाद शव को शीतगृह में सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य भी जुटाए हैं। मृतक की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के मुंडावर थाना क्षेत्र के बालूबास गांव निवासी 41 वर्षीय हवा सिंह यादव के रूप में हुई है। उसकी पहचान मौके से मिले आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर की गई। बताया गया कि हवा सिंह कंटेनर संख्या आरजे 02 जीबी 1528 लेकर जमशेदपुर आया था। वह फैक्ट्री के बाहर कंटेनर खड़ा कर वहीं रुका हुआ था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि रविवार देर रात उसने कंटेनर के अंदर ऊपर लगे पाइप में रस्सी बांधकर आत्महत्या की। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ते ही हड़कंप मच गया। इसके बाद पुलिस ने मौके को घेरकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन और हेडफोन भी बरामद हुआ है। पुलिस को शक है कि घटना से पहले वह किसी से फोन पर बात कर रहा था। जांच इस बात की भी की जा रही है कि वह मानसिक तनाव, पारिवारिक विवाद या किसी अन्य निजी परेशानी से जूझ रहा था या नहीं। हालांकि आत्महत्या की वजह अब तक साफ नहीं हो सकी है। एमजीएम थाना पुलिस के अनुसार मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। साथ ही फैक्ट्री कर्मचारियों, स्थानीय लोगों और आसपास मौजूद अन्य वाहन चालकों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
