Palamu : पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के ढुलसुलमा पहाड़ से एक युवक का शव संदिग्ध हालात में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पवन कुमार सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने पवन की प्रेमिका, उसके पति और अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पवन की प्रेमिका को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, गांव में एक शादी समारोह था, जिसमें पवन कुमार सिंह अपने दोस्त दीपक कुमार के साथ शामिल होने गया था। बताया जा रहा है कि उसी समारोह में पवन की प्रेमिका भी अपने मायके पक्ष के लोगों के साथ पहुंची थी। इसी दौरान देर रात पवन अचानक वहां से लापता हो गया। परिजनों का कहना है कि शुक्रवार देर रात पवन के दोस्त दीपक कुमार ने फोन कर बताया कि पवन आत्महत्या की बात कर रहा है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग और ग्रामीण उसकी तलाश में जुट गए। काफी खोजबीन के बाद ढुलसुलमा पहाड़ पर पवन का शव मिला। इसके बाद उसे इलाज के लिए नवजीवन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का आरोप है कि पवन की हत्या की गई है और इसमें उसकी प्रेमिका, उसके पति समेत कुछ अन्य लोगों की भूमिका हो सकती है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलने पर सतबरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू की जांच में जुटी है। इस मामले में डीएसपी राजेश यादव ने बताया कि युवक का शव बरामद हुआ है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, जिसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मृतक की प्रेमिका को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
