दो माह से वेतन नहीं मिलने पर शिक्षकों का हंगामा,डीईओ के कार्यालय में प्रदर्शन|

Spread the love

Jamshedpur : जमशेदपुर जिले के शिक्षकों ने मार्च और अप्रैल महीने का वेतन नहीं मिलने के विरोध में शनिवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय में प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षक संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में शिक्षक पहुंचे और डीईओ मनोज कुमार का घेराव किया। शिक्षकों ने कहा कि दो महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण वे आर्थिक परेशानी से जूझ रहे हैं। घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में भी दिक्कत हो रही है। प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों ने बताया कि कई लोगों ने बैंक से लोन लिया है, लेकिन वेतन नहीं मिलने से समय पर ईएमआई जमा नहीं हो पा रही है। इससे लोन बाउंस हो रहे हैं और बैंकों का दबाव बढ़ता जा रहा है। शिक्षकों ने यह भी कहा कि वे अपने बच्चों की स्कूल फीस तक नहीं भर पा रहे हैं, जिससे परिवारों पर मानसिक तनाव बढ़ गया है। शिक्षकों का आरोप था कि डीईओ कार्यालय में विपत्र पर हस्ताक्षर नहीं होने की वजह से वेतन भुगतान अटका हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि नियमित रूप से काम करने के बावजूद समय पर वेतन क्यों नहीं दिया जा रहा। प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने चेतावनी दी कि जल्द वेतन भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। बाद में डीईओ कार्यालय की ओर से आश्वासन दिया गया कि मंगलवार तक दोनों महीनों का वेतन एक साथ शिक्षकों के खातों में भेज दिया जाएगा। इसके बाद शिक्षकों ने अपना आंदोलन खत्म कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *