Ranchi : रांची के कटहल मोड़ स्थित छड़-सिमेंट व्यवसायी राधेश्याम साहु पर जानलेवा हमला कराने के मुख्य आरोपी अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ सूरज सिन्हा को रांची पुलिस ने कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 20 लाख रुपये की सुपारी लेकर व्यवसायी पर गोली चलवाई थी। जांच में यह भी सामने आया कि वह चर्चित अनिल टाइगर हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता है। इसकी जानकारी रांची के रुरल एसपी गौरव गोस्वामी ने दी। रुरल एसपी ने बताया कि 15 अक्टूबर 2025 को नगड़ी थाना क्षेत्र के कटहल मोड़ स्थित सांभवी इंटरप्राइजेज के मालिक राधेश्याम साहु पर दुकान के पास दो अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी। मामले में नगड़ी थाना में केस दर्ज कर एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही दोनों शूटरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन घटना का मास्टरमाइंड सूरज सिन्हा फरार था। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि वह कोलकाता में छिपा हुआ है। इसके बाद रुरल एसपी गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि राधेश्याम साहु पर हमला 20 लाख रुपये की सुपारी लेकर कराया गया था। फिलहाल पुलिस मामले में शामिल अन्य अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
अनिल टाइगर हत्याकांड में भी बड़ी भूमिका थी
एसपी ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि सूरज सिन्हा मार्च 2025 में हुए चर्चित अनिल महतो उर्फ अनिल टाइगर हत्याकांड का भी मुख्य साजिशकर्ता था। 26 मार्च 2025 को कांके चौक स्थित शिव मंदिर के पास एक होटल में अपराधियों ने गोली मारकर अनिल टाइगर की हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस पहले ही दो शूटर अमन सिंह और रोहित वर्मा समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पूरक जांच में खुलासा हुआ कि जमीन विवाद को लेकर देवव्रत नाथ शाहदेव ने सूरज सिन्हा के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। पुलिस के अनुसार, कांके के चामगुरु मौजा में 10 एकड़ पुश्तैनी जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। अनिल टाइगर स्थानीय जोतकारों का पक्ष रख रहे थे, जिससे देवव्रत नाथ शाहदेव नाराज था। इसी विवाद के चलते हत्या की योजना बनाई गई। जांच में यह भी सामने आया कि देवव्रत नाथ शाहदेव ने अनिल टाइगर की हत्या के लिए सूरज सिन्हा को 5 लाख रुपये की सुपारी दी थी। रकम का कुछ हिस्सा बैंक ट्रांजेक्शन के जरिए भेजा गया था। पुलिस के मुताबिक हत्या की साजिश रांची और कोलकाता में रची गई थी। घटना से पहले अनिल टाइगर की गतिविधियों की लगातार रेकी कराई गई, जिसके बाद हत्या को अंजाम दिया गया। गिरफ्तार अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ सूरज सिन्हा रांची के शिवगंज हरमू रोड का रहने वाला है। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और आपराधिक साजिश से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। वह पहले भी जेल जा चुका है।
