नाबालिग से दुष्कर्म और वीडियो वायरल करने के आरोप में ,गुमला में एएसआई गिरफ्तार|

Spread the love

Gumla : झारखंड के गुमला जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पुलिस विभाग पर गंभीर सवाल उठाए हैं। एक एएसआई पर नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने, उसका अश्लील वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने आरोपी एएसआई मनोज पासवान को रांची से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पीड़ितों की शिकायत पर गुमला महिला थाना में नमाजद प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की।

इंश्योरेंस पॉलिसी के बहाने बढ़ाई पहचान

शिकायत के अनुसार, यह मामला साल 2017 का है। उस समय पीड़िता महज 16 साल की थी। आरोप है कि मनोज पासवान ने पीड़िता की मां की एक इंश्योरेंस पॉलिसी कराई थी। इसी बहाने उसका परिवार में आना-जाना शुरू हुआ। धीरे-धीरे आरोपी ने पीड़िता से फोन पर बातचीत शुरू की और नजदीकी बढ़ाई। परिवार को शायद अंदाजा भी नहीं था कि यह पहचान आगे चलकर इतने गंभीर आरोपों में बदल जाएगी। पीड़िता का आरोप है कि साल 2017 में आरोपी उसे बहला-फुसलाकर गुमला के पटेल चौक के पास बुलाकर एक होटल में ले गया। वहां उसके साथ जबर्दस्ती दुष्कर्म किया। शिकायत में कहा गया है कि इसी दौरान आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया।

वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करता रहा शोषण

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी लंबे समय तक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसका यौन शोषण करता रहा। शिकायत के अनुसार, आरोपी उसे डर और दबाव में रखकर चुप रहने के लिए मजबूर करता था। मामले में लगाए गए आरोप काफी गंभीर हैं और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जब पीड़िता की मां को इस मामले की जानकारी मिली, तो उन्होंने आरोपी से वीडियो डिलीट करने की अपील की। आरोप है कि आरोपी ने उन्हें गुमला के एक पार्क में बुलाया और वहां उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इसके बाद भी वीडियो नहीं हटाया गया और धमकियां मिलती रहीं। पीड़िता का यह भी आरोप है कि हाल के दिनों में आरोपी उसकी छोटी बहन को नुकसान पहुंचाने और गलत हरकत करने की धमकी देने लगा था। इससे पूरा परिवार डर और तनाव में था। जब कथित अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तब पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई।

आरोपी एएसआई का विवादों में पुराना नाम, दो महीने पहले ही जेल से आया था बाहर

गिरफ्तार एएसआई मनोज पासवान का नाम पहले भी विवादों में आ चुका है। आरोप है कि वह पहले भी इस तरह के मामलों में शामिल रहा है। करीब आठ महीने पहले उसे गुमला स्थित उसके सरकारी क्वार्टर में अन्य महिलाओं के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया था। उस मामले में भी उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई हुई थी और वह जेल गया था। बताया जा रहा है कि वह करीब दो महीने पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। आरोप है कि बाहर आने के बाद उसने पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे फिर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *