Ranchi : राजधानी रांची में नशे में गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्त अभियान शुरू किया है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद रांची पुलिस ने शहर के कई इलाकों में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। पिछले दो महीनों में हजारों वाहनों की जांच की गई, जिसमें 114 चालक शराब पीकर वाहन चलाते पकड़े गए। सभी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
एसएसपी के निर्देश पर ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ बनी विशेष टीम
रांची के एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने विशेष टीम बनाई। इसके बाद शहर के सभी यातायात थाना क्षेत्रों में अलग-अलग जगहों पर ड्रंक ड्राइविंग के खिलाफ लगातार जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान संदिग्ध वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई।
ट्रैफिक पुलिस के इस विशेष अभियान में पिछले दो महीनों में 4973 वाहनों की जांच हुई। जांच के दौरान 114 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते मिले। सभी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की गई।
