रामगढ़ में युवक को सीने में लगी गोली, किया रिम्स रेफर|

Spread the love

Ramgarh : रामगढ़ शहर के पारसोतिया इलाके में देर रात गोली चलने की घटना से हड़कंप मच गया। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। घायल युवक की पहचान रामगढ़ के बंगाली टोला निवासी अंकित यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गोली उसके सीने में लगी है और गोली अभी भी शरीर के अंदर फंसी हुई है। परिजन उसे तुरंत रांची रोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए रिम्स रांची भेज दिया।

घटना को लेकर तरह तरह की चर्चाएं,पुलिस जांच में जुटी

गोली कैसे चली और इसके पीछे क्या वजह थी, इसे लेकर इलाके में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे आपसी विवाद या कथित प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रहे हैं। वहीं, कुछ लोगों के बीच यह भी चर्चा है कि युवक ने खुद को गोली मारी हो सकती है। हालांकि, पुलिस या प्रशासन की ओर से अभी तक किसी भी बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गोली किन परिस्थितियों में चली और इसके पीछे क्या वजह थी। जांच पूरी होने तक मामले को लेकर चल रही चर्चाओं पर कुछ भी साफ तौर पर कहना जल्दबाजी होगी। फिलहाल, घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *