Garhwa : गढ़वा सदर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन अब सख्त नजर आ रहा है। उपायुक्त अनन्य मित्तल के निर्देश पर सदर एसडीएम संजय कुमार ने अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई और शिकायतों के आधार पर पुराने होमगार्ड जवानों को हटा दिया गया। उनकी जगह शुक्रवार से 9 नए गृह रक्षकों की तैनाती कर दी गई है। प्रशासन को पिछले कुछ समय से तैनात सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसे गंभीरता से लेते हुए यह फैसला किया गया। एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि पिछले सप्ताह ही सभी पुराने गृह रक्षकों को बदलने का निर्णय लिया गया था। नए जवानों की तैनाती के बाद उन्होंने खुद उनकी ब्रीफिंग की और पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
पुलिस और कंट्रोल रूम से रहेगा सीधा संपर्क और कड़े होंगे सुरक्षा कानून|
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए अस्पताल प्रशासन को विशेष निर्देश दिए गए हैं। अब अस्पताल प्रबंधन लगातार पुलिस कंट्रोल रूम और स्थानीय थाना के संपर्क में रहेगा। इसके साथ ही हर शिफ्ट के लिए स्पष्ट रोस्टर तैयार करने को कहा गया है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की कमी न रहे। निरीक्षण के दौरान सदर एसडीएम संजय कुमार ने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत काम कर रहा है। मरीजों और उनके परिजनों को सुरक्षित और बेहतर माहौल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस मौके पर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. माहेरू यामानी, अस्पताल प्रबंधक विकास केसरी, थाना प्रभारी सुनील तिवारी, उप निरीक्षक अविनाश कुमार और होमगार्ड इंस्पेक्टर दिलीप कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे|
