Ranchi : रांची में साइबर ठगी के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। एक मामले में लिंक ओपन करते ही युवक के बैंक खातों से करीब 1.93 लाख रुपये गायब हो गए, जबकि दूसरे मामले में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर लगभग दो लाख रुपये की ठगी कर ली गई। दोनों मामलों में साइबर अपराध थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
लिंक से किया स्कैम
पहला मामला ओरमांझी निवासी बबन वर्मा से जुड़ा है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रहने वाले हैं। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उनके मोबाइल पर आरटीओ के नाम से एक लिंक भेजा गया था। गलती से लिंक ओपन करते ही उनके एक्सिस बैंक और पंजाब नेशनल बैंक खाते से कुल 1 लाख 93 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गई|
ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर किया स्कैम
दूसरा मामला गुमला निवासी चंदन कुमार से जुड़ा है, जो वर्तमान में सीआरपीएफ झारखंड सेक्टर कार्यालय, धुर्वा में कार्यरत हैं। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उन्हें टेलीग्राम ग्रुप के जरिए ऑनलाइन ट्रेडिंग का ऑफर मिला था। बाद में उन्हें एक व्हाट्सएप नंबर से जोड़ा गया, जहां मोटे मुनाफे का लालच दिया गया। शुरुआत में उनसे 50 हजार रुपये जमा कराए गए। इसके बाद ज्यादा लाभ का भरोसा देकर अलग-अलग चरणों में 70 हजार और फिर 80 हजार रुपये जमा करवाए गए।
फीस और चार्ज के नाम पर की ठगी
आरोपियों ने ट्रेडिंग फीस और प्रोसेसिंग चार्ज के नाम पर पैसे लिए, लेकिन रकम वापस नहीं की। काफी समय बाद पीड़ित को एहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो गए हैं। दोनों मामलों में साइबर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक को ओपन न करें और ऑनलाइन निवेश करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल जरूर कर लें।
