Ranchi : राजधानी रांची में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना विधानसभा थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित महुआ टोली चौक के पास की है। जानकारी के अनुसार, डहुटोली निवासी प्रकाश उरांव स्कूटी से अपने काम पर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि रिंग रोड पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं। लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस वाहन चालक की तलाश में जुटी है।
