14.5 लाख की अफीम संग तस्कर गिरफ्तार,चतरा से दिल्ली तक फैला नेटवर्क उजागर

Spread the love

Chatra : झारखंड के चतरा जिले में हंटरगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड-बिहार सीमा के गोसाईडीह के पास एक तस्कर को अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 2.900 किलोग्राम अफीम बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 14 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन और 1200 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति टेंपो से अफीम लेकर चतरा-जोरी मार्ग होते हुए बिहार के गया जा रहा है। सूचना मिलते ही हंटरगंज पुलिस ने टीम बनाकर गोसाईडीह के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया। जांच के दौरान एक सवारी टेंपो को रोका गया। तभी उसमें बैठा एक व्यक्ति काले रंग का पिट्ठू बैग लेकर टेंपो से कूदकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

तस्कर की पहचान हुई और पुलिस जुटी आगे की जांच में

गिरफ्तार तस्कर की पहचान अनिल कुमार यादव के रूप में हुई है। वह चतरा सदर थाना क्षेत्र के सिकिद गांव का रहने वाला है। पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में अफीम बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अफीम को दिल्ली ले जाकर दूसरे तस्कर को देने वाला था। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया। वहीं, पुलिस अब इस तस्करी से जुड़े सप्लायर नेटवर्क की जांच में जुटी है। इस कार्रवाई में एसडीपीओ संदीप सुमन, पुलिस इंस्पेक्टर विपिन कुमार, हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार, सब-इंस्पेक्टर दिलीप कुमार समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने इसे बड़ी सफलता बताया है, खासकर बिहार सीमा पर सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *