रिम्स में लिफ्ट बनी मरीजों की परेशानी, खराबी की वजह ने सबको चौंकाया|

Spread the love

Ranchi : रांची के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स में मरीजों और उनके परिजनों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। यहां बार-बार लिफ्ट खराब होने की वजह अब सामने आई है, जिसे जानकर हर कोई हैरान है। जानकारी के अनुसार, अस्पताल की कई लिफ्टों के सेंसर गुटखा और पान मसाला थूकने की वजह से खराब हो रहे हैं। इसके कारण लिफ्ट अचानक बंद हो जाती है या बीच में अटक जाती है। रिम्स में हर दिन हजारों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। अस्पताल की कई इमारतें बहुमंजिला हैं, इसलिए मरीजों के लिए लिफ्ट सबसे बड़ा सहारा होती है। लेकिन लिफ्ट खराब रहने से बुजुर्ग, गंभीर मरीजों और व्हीलचेयर पर आने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार मरीजों को सीढ़ियों के सहारे ऊपर ले जाना पड़ता है।

सेंसर खराब होने का कारण

अस्पताल प्रशासन के मुताबिक कई लोग लिफ्ट के अंदर ही गुटखा और पान मसाला थूक देते हैं। इससे लिफ्ट के सेंसर और इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम पर असर पड़ रहा है। सेंसर खराब होने की वजह से लिफ्ट ठीक से काम नहीं कर पा रही है। कई बार लिफ्ट फ्लोर पर रुकती नहीं है या अचानक बंद हो जाती है।रिम्स में लिफ्ट खराब होने का मामला नया नहीं है। इससे पहले भी कई रिपोर्टों में अस्पताल की लिफ्ट व्यवस्था पर सवाल उठ चुके हैं। कुछ समय पहले आई एक रिपोर्ट में बताया गया था कि अस्पताल की 36 में से 13 लिफ्ट खराब थीं, जबकि कई लिफ्टों के सेंसर भी काम नहीं कर रहे थे।

लगातार खराब हो रही लिफ्टों की वजह से मरीजों और उनके परिजनों में डर का माहौल भी हैI कई लोग लिफ्ट में फंसने के डर से सीढ़ियों का इस्तेमाल करने लगे हैंI खासतौर पर कार्डियोलॉजी और मेडिसिन विभाग में आने वाले मरीजों को ज्यादा परेशानी हो रही है, क्योंकि यहां कई मरीजों को ज्यादा चलने-फिरने से मना किया जाता हैI रिम्स प्रशासन ने लोगों से अस्पताल परिसर को साफ रखने और लिफ्ट में गुटखा-पान मसाला नहीं थूकने की अपील की हैI अधिकारियों का कहना है कि छोटी-सी लापरवाही बड़ी परेशानी का कारण बन रही हैI अगर लोग नियमों का पालन करें, तो लिफ्ट व्यवस्था काफी हद तक सुधर सकती हैI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *