Dhanbad : धनबाद जिले में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। मुख्य सचिव के निर्देश पर जिला प्रशासन ने 43 सरकारी कर्मियों का तबादला कर दिया है। इस संबंध में डीसी द्वारा आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, ट्रांसफर किए गए कई कर्मचारी लंबे समय से एक ही जगह पर पदस्थापित थे। मुख्य सचिव के निर्देश के बाद ऐसे कर्मियों की सूची तैयार की गई, जिसके बाद तबादला आदेश जारी किया गया।
इस ट्रांसफर आदेश का असर जिले के कई सरकारी विभागों पर पड़ा है। जिला प्रशासन का कहना है कि यह कदम प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और कामकाज में पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया गया है। डीसी द्वारा जारी आदेश में सभी संबंधित कर्मियों को तय समय के भीतर नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है। साथ ही संबंधित विभागों से भी ट्रांसफर प्रक्रिया में किसी तरह की देरी नहीं करने को कहा गया है। एक साथ 43 कर्मियों के तबादले के बाद सरकारी दफ्तरों में इसकी चर्चा तेज हो गई है। कई कर्मचारी इसे प्रशासनिक सख्ती के रूप में देख रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे नियमित प्रक्रिया बता रहे हैं। झारखंड में पिछले कुछ समय से लगातार प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिल रहे हैं। इससे पहले भी राज्य स्तर पर कई आईएएस अधिकारियों और सरकारी कर्मियों के तबादले किए जा चुके हैं।
