Koderma : कोडरमा जिले के सतगांवां थाना क्षेत्र के मीरगंज पंचायत के पचौरी गांव में एक प्रेम विवाह विवाद का कारण बन गया। इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदली, लेकिन शादी के कुछ घंटों बाद ही मामला दहेज मांग और दूल्हे के फरार होने तक पहुंच गया। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पचौरी गांव की रहने वाली काजल कुमारी की पहचान इटाय गांव निवासी रोशन कुमार से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। दोनों के बीच धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और फिर प्रेम संबंध हो गया। वे एक-दूसरे से मिलने भी लगे थे। बताया जा रहा है कि 21 मई की रात रोशन काजल से मिलने उसके गांव पहुंचा था। इसी दौरान ग्रामीणों ने दोनों को साथ देख लिया। गांव में बात फैलने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और ग्रामीणों ने दोनों को पकड़कर शादी कराने का फैसला लिया। गांव के मंदिर में स्थानीय लोगों की मौजूदगी में दोनों की शादी कराई गई। इस दौरान काफी देर तक हंगामा होता रहा। बताया जा रहा है कि रोशन शादी के लिए तैयार नहीं था, लेकिन ग्रामीणों के दबाव में विवाह करना पड़ा। बाद में हिंदू रीति-रिवाज से शादी संपन्न हुई। शादी के बाद दोनों को काजल के घर लाया गया, जहां परिवार के लोग रस्में निभा रहे थे। इसी बीच काजल का आरोप है कि रोशन किसी बहाने से घर से बाहर निकला और फिर वापस नहीं लौटा। काजल ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि कुछ देर बाद रोशन के परिवार के लोग उसकी मां और मौसी समेत सात-आठ लोगों के साथ घर पहुंचे। वहां गाली-गलौज की गई और दहेज में 10 लाख रुपये की मांग की गई। विरोध करने पर परिवार को धमकी देकर सभी वहां से चले गए। परिजनों ने दो दिनों तक रोशन के लौटने का इंतजार किया, लेकिन जब वह वापस नहीं आया तो काजल ने सतगांवां थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी बबलू सिंह ने बताया कि काजल कुमारी के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी आरोपों की पड़ताल की जा रही है।
