लोहरदगा, सिंहभूम, पलामू और खूंटी में आज थम जाएगा चुनाव प्रचार, चतरा में पीएम तो खूंटी में असम के सीएम हेमंत विश्व शर्मा की सभा

रांची : देश में चौथे चरण और झारखंड में पहले चरण के चुनाव के लिए सिंहभूम, खूंटी, लोहरदगा और पलामू में शनिवार को प्रचार थम जायेगा. शाम 5 बजे के बाद संबंधित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की बैठक, रैली, बैठक या लाउडस्पीकर के माध्यम से प्रचार की अनुमति नहीं होगी. हालांकि, उम्मीदवार घर-घर जाकर प्रचार जारी रख सकेंगे. चारों लोकसभा क्षेत्रों में 13 मई को सुबह 5:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक वोटिंग होगी. राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के रविकुमार ने कहा कि मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की प्रक्रिया शुरू हो गयी है. मतदान कार्य के लिए बूथों पर पर्याप्त संख्या में ईवीएम उपलब्ध करा दिये गये हैं.

चतरा में पीएम तो खूंटी में असम के सीएम हेमंत विश्व शर्मा की सभा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को सिमरिया पहुंचेंगे. वह सिमरिया के मुरवे फुटबॉल मैदान में चतरा से बीजेपी प्रत्याशी कालीचरण सिंह के पक्ष में एक जनसभा को संबोधित करेंगे. पीएम का कार्यक्रम शाम पांच बजे से है. दोपहर 3:00 बजे से आयोजित जनसभा में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी समेत पार्टी नेता मौजूद रहेंगे. साथ ही हजारीबाग से भाजपा प्रत्याशी मनीष जायसवाल भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे. इस जनसभा में करीब दो लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है. इधर, असम के मुख्यमंत्री डॉ. हेमंत विश्व शर्मा तमाड़ के रायडीह में एक जनसभा को संबोधित करेंगे. वह खूंटी से पार्टी प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के पक्ष में प्रचार करेंगे. इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी, पूर्व स्पीकर रवींद्र राय समेत अन्य नेता मौजूद रहेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *