Chaibasa : चाईबासा के किरीबुरू में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू के नेतृत्व में मातृशक्ति और महिला कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक तरीके से उनका भव्य स्वागत किया। फूल-मालाओं और अभिनंदन के साथ पूर्व मुख्यमंत्री का सम्मान किया गया। कार्यक्रम स्थल पर उत्सव जैसा माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, महिला शक्ति और स्थानीय लोग मौजूद रहे। किरीबुरू दौरे के दौरान अर्जुन मुंडा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान के तहत आयोजित प्रदर्शनी और प्रशिक्षण वर्ग का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर पार्टी संगठन को मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से अधिक सशक्त करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का अंत्योदय का सिद्धांत आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक और मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण अभियान केवल संगठन को मजबूत करने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को समाज के बीच जाकर काम करना चाहिए और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता केवल चुनावी राजनीति तक सीमित न रहें, बल्कि समाज सेवा को भी अपनी प्राथमिकता बनाएं। उन्होंने यह भी कहा कि लोगों के सुख-दुख में शामिल होकर सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाना ही संगठन की असली ताकत है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में महिला कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली और महिला शक्ति की सक्रिय मौजूदगी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। पूरे आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। भाजपा नेताओं ने इसे संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम बताया।
