झारखंड में बढ़ती गर्मी पर सख्त हुए हेमंत सोरेन, सभी जिलों के अफसरों को दिए अहम निर्देश|

Spread the love

Ranchi : झारखंड में लगातार बढ़ रही गर्मी और हीटवेव को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रशासन को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी डीसी, पुलिस अधीक्षकों, थाना प्रभारियों, सीओ, बीडीओ और पंचायत अधिकारियों से कहा है कि आम लोगों को गर्मी से राहत देने के लिए तुरंत जरूरी कदम उठाए जाएं। मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि सरकारी दफ्तरों के बाहर और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों के लिए पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही वहां स्पष्ट सूचना भी लगाई जाए, ताकि राहगीरों और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच लोगों को राहत पहुंचाना प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने सभी डीसी को यह भी निर्देश दिया है कि जहां कहीं पेयजल संकट की स्थिति हो, वहां तुरंत टैंकर के जरिए पानी पहुंचाया जाए। इसके अलावा खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत और वैकल्पिक जल व्यवस्था जल्द से जल्द सुनिश्चित करने को कहा गया है। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी गांव, टोला या मोहल्ले में लोगों को पानी की कमी से परेशानी नहीं होनी चाहिए। हेमंत सोरेन ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में प्रशासन पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय सोच के साथ काम करे। लोगों की छोटी-छोटी समस्याओं को भी गंभीरता से लेने का निर्देश दिया गया है। अपने संदेश के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि जनहित सबसे ऊपर है और प्रशासन का हर कदम आम लोगों को राहत देने वाला होना चाहिए। राज्य सरकार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *